गिट्स की टीम ने शंकरा ग्लोबल हैकाथॉन 2026 में जीता प्रथम स्थान
उदयपुर। गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज (गिट्स) के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शंकरा ग्लोबल हैकाथॉन 2026 – इनोवेशन एवं स्टार्टअप प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता जयपुर में शंकरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय कोटा, एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज जोधपुर तथा बीकानेर टेक्निकल यूनिवर्सिटी ,बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संस्थान के निदेशक डॉ. एस. एम. प्रसन्ना कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से 200 से अधिक टीमों ने भाग लिया, जिनमें से गिट्स की टीम “डीपसाइट” ने अपने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया और ₹33,333 की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित हुई।असिस्टेंट प्रोफेसर लतीफ खान के निर्देशन में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के विद्यार्थी भूपेश नगदा, आयुष शर्मा, तनिषा गोयल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के विद्यार्थी शादाब खान द्वारा विकसित यह रेस्क्यू डिवाइस आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है। यह उपकरण बाढ़ के दौरान पानी में डूबे लोगों का पता लगाने तथा भूस्खलन के समय जमीन में दबे लोगों की पहचान करने में सक्षम है।
इस अवसर पर वित्त नियंत्रक बी. एल. जांगिड़ ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गिट्स के विद्यार्थी निरंतर नवाचार और तकनीकी शोध के माध्यम से समाज के लिए उपयोगी समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं। छात्रों द्वारा विकसित इस डिवाइस की विशेषता यह है कि यह सैटेलाइट से जुड़ा होने के कारण मोबाइल नेटवर्क के बिना भी कार्य करने में सक्षम है, जिससे आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक तेज एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।



